समस्तीपुर : उत्तर बिहार में अगले दो-तीन दिनों तक ठंड की स्थिति बरकरार रहेगी। पछिया हवा चलने के कारण ठंड बरकरार रखने की बात कही जा रही है। हालांकि दो-तीन दिनों के बाद पुरवा हवा चलने के साथ ही ठंड में कमी आ जाएगी। यह कहना है मौसम विभाग का। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग के द्वारा अगले 27 जनवरी तक के लिए यह पूर्वानुमान जारी किया गया है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि उत्तर बिहार के जिलों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। अगले दो-तीन दिनों तक पछिया हवा चलने के कारण ठंड की स्थिति बनी रहेगी। उसके बाद पुरवा हवा चलने से ठंड में कमी आने की संभावना है। इस दौरान सुबह में मध्यम से घना कुहासा छाया रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वानुमानित अवधि में अधिकतम तापमान 19 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान औसतन 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से अगले दो-तीन दिनों तक पछिया हवा तथा उसके बाद पुरवा हवा चलने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 85 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 60 से 70 प्रतिशत रहने की संभावना है। शुक्रवार का अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6.5 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य के बराबर है। ठंड ने लोगों को किया बेदम, अलाव की व्यवस्था नहीं
उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र के लोग ठंड के बढ़ते प्रभाव से बेदम हो रहे हैं। वहीं प्रशासन के तरफ से अलाव की कहीं व्यवस्था नहीं की जा रही है। शुक्रवार की शाम उजियारपुर बाजार स्थित ऑटो स्टैंड में अलाव की जगह टायर जलाकर ठंड से राहत ले रहे थे। मौके पर मौजूद कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष उमेशचंद्र कुमार, अमरकांत कुंवर उर्फ बुधन जी, लखन झा, ओमप्रकाश पासवान, पूर्व मुखिया अब्दुल हफीज सहित दर्जनों लोगों ने प्रशासन की संवेदनहीनता पर खेद प्रकट करते हुए कहा कि ऐसे समय में प्रशासन की सुधी नहीं लेना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। लोगों ने अविलंब सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर शीघ्र अलाव की व्यवस्था करवाने की मांग की है।