समस्तीपुर : वारिसनगर प्रखंड के मन्नीपुर स्थित सिद्धस्त भगवती मंदिर के प्रधान पुजारी कमल किशोर झा का आकस्मिक निधन गुरुवार की रात हो गया। बताया जाता है कि गुरुवार को उन्हें पक्षाघात हुआ। लोगों द्वारा उन्हें समस्तीपुर में एक चिकित्सक के पास ले जाया गया। वहां स्थिति बिगड़ने पर पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर विभूतिपुर प्रखंड के समर्था कल्याणपुर स्थित पैतृक घर ले जाया गया। वहां से उनका शव शुक्रवार की दोपहर मन्नीपुर पहुंचते ही मानो जनसैलाब सा उमड़ पड़ा। सभी की आंखें नम थी। लोग उनका अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सिमरिया घाट गंगा नदी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। बताते चलें कि भगवती मंदिर का सौंदर्यीकरण में इनकी अहम भूमिका रही है। वे ज्योतिष शास्त्र व कर्मकांड के प्रकांड विद्वान थे। पिछले 25 वर्षो से वह भगवती की सेवा करते आ रहे थे। वही मां का आशीर्वाद भी इन पर फलीभूत था। माता के चरणों से भक्त को अक्षत और फूल प्रदान कर उनकी मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वचन देते, तो लगभग उनकी मनोकामना पूर्ण हो जाती थी। आजतक इस मंदिर से कोई निराश नही लौटा।
शोक सभा में दी गई श्रद्धांजलि
मन्नीपुर मंदिर के पुजारी कमल किशोर झा के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। इसमें अंचलाधिकारी कमल कुमार, रमेश कुमार एली, परम शिष्य डॉ. नरेश कुमार विकल, भूमि दाता प्रह्लाद सिंह, रंजीत सिंह, विभास कुमार सोनी, राकेश सिंह, ठाकुर राजीव कुमार सिंह, विकास कुमार, अश्वमेघ देवी, विधायक अशोक कुमार मुन्ना, चुन्नू सिंह, विभाकर कुमार आदि ने शोक व्यक्त किया।