समस्तीपुर : नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा प्रस्तावित नगर निगम की अधिसूचना जारी होने के बाद लोगों से प्रारूप पर सुझाव व आपत्ति आमंत्रित किए गए हैं। प्रस्तावित नगर निगम में शामिल क्षेत्र के लोग संबंधित विभाग को प्रारुप पर अपना सुझाव एवं आपत्ति दे सकते हैं। शासन का निर्देश है कि प्रारूप प्रकाशन की अवधि में संबंधित प्रमंडलीय आयुक्त एवं जिला पदाधिकारी के माध्यम से जो भी आपत्ति व सुझाव प्राप्त होगी, उसपर विचार किया जाएगा। इसके बाद आपत्तियों का निस्तारण कर प्रस्तावित नगर परिषद का नगर निगम में शामिल होने का रास्ता प्रशस्त हो जाएगा। नगर विकास एवं आवास विभाग के इस प्रस्ताव पर प्रशासनिक अमले का मंथन जारी है। नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी सह एडीएम संजीव कुमार ने बताया कि प्रस्तावित नगर निगम में शामिल क्षेत्र के लोग प्रारूप पर अपनी आपत्ति एवं सुझाव दे सकते हैं। अधिसूचना प्रकाशन तिथि से 15 जनवरी तक इसके लिए समय निर्धारित किया गया है। आपत्तियों के निराकरण के साथ ही नगर परिषद से नगर निगम का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। यहां बता दें कि नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा नगर परिषद समस्तीपुर को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव है। नगर परिषद के आसपास के इलाके में करीब 17 ग्राम पंचायत, टोला व मोहल्लों को नगर निगम में शामिल किया जाना है। इसमें कई पंचायत आंशिक रूप से नगर निगम में शामिल हो पाई हैं। नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर प्रारूप से प्रभावित लोगों से आपत्ति एवं सुझाव मांगे गए हैं। उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई होगी।
