समस्तीपुर : नववर्ष के आगमन को लेकर हर आयु वर्ग के लोगों में उत्साह दिख रहा है। सभी अपने-अपनी योजनाएं अभी से ही बनाने में जुटे हैं। नया साल का पहला दिन लोग ऐसे जगहों पर जाना पसंद करते हैं जहां प्राकृतिक वातावरण उसे आकर्षित करता हो। परिवार के साथ जहां पर पूरा समय बिता सकें। जिला ही नहीं बल्कि उत्तर बिहार के लोगों के आकर्षण का केन्द्र डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा रहा है। हर साल यहां हजारों लोग नव वर्ष का पहला दिन बिताने के लिए आते हैं। पूसा का बॉटनिकल गार्डेन हो या फिर प्रशासनिक कैंपस। हर जगह लोगों का हुजूम जुटता है। प्रशासन की ओर से भी यहां पर सुरक्ष के इंतजाम रहते हैं। इस वजह से विश्वविद्यालय भी पहले से ही तैयारी में जुट जाती है।
इस वर्ष सबसे बड़ा आकर्षण का केन्द्र रिवर फ्रंट कैफै रहेगा। कुछ महीने पहले ही इसका उद्घाटन किया गया है। बूढी गंडक के किनारे बनाए गए इस कैफे में बड़े-बड़े अधिकारी से लेकर आमलोग भी पहुंचते हैं। नौका विहार से लेकर बच्चों के खेलकूद की भी व्यवस्था भी यहां पर की गई है। वहीं स्वादिष्ट व्यंजन भी परोसा जाता है। खासकर युवा वर्ग की खास पंसद इस बार यह रिवर फ्रंट कैफै बनने वाला है। इसको देखते हुए विश्वविद्यालय भी पूरी तैयारी में जुटी है। लेकिन जहां पिछले कई वर्षों से पूसा के प्रशासनिक भवन परिसर एवं बॉटनिकल गार्डेन आकर्षक का केंद्र बना रहता था, वहीं इस बार बूढ़ी गंडक के किनारे बना रिवर फ्रंट कैफे भी रहेगा। यहां पर खुले आसमान के नीचे खाने-पीने की व्यवस्था के साथ-साथ नौका विहार की व्यवस्था है। वहीं दूसरी ओर पूसा का मशहूर बॉटनिकल गार्डेन को भी विश्वविद्यालय प्रशासन के द्वारा सजाया जा रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में स्थित कई छोटे पार्क हैं, जिसकी साफ-सफाई विश्वविद्यालय के द्वारा कराई जा रही है। वही प्रशासनिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहे इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन सहित स्थानीय थानाध्यक्ष भी दल बल के साथ चौकस रहेंगे। थानाध्यक्ष कामेश्वर शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। पुलिस केन्द्र से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।